Wednesday, August 25, 2010

कोसी की दग्‍ध अंतर-कथा



हाल ही में कर्नल अजित दत्‍त के शोधपूर्ण आलेखों का संग्रह 'कोसी की दग्‍ध अंतर-कथा' के नाम से संवदिया प्रकाशन, अररिया से प्रकाशित हुआ है। इस पुस्‍तक में कुल 16 लेख संकलित हैं, जिनमें कोसी नदी और अंचल से जुड़ी ऐतिहासिक, पौराणिक, मिथकीय और समसामयिक विषय-वस्‍तुओं और संदर्भों का रोचक प्रस्‍तुतीकरण किया गया है। लेखक के अनुभवों और ज्ञान से पाठक अभिभूत हुए बिना नहीं रह सकता। ये लेख लोक साहित्‍य और संस्‍कृति के विस्‍मृत पहलुओं को भी सामने लाते हैं। कुछ महत्‍वपूर्ण विषय हैं--भगैत गायन, लोक देव, लोक देवियॉं, ईलोजी, सुल्‍तान माई, परवाहा युद्ध, फरमान नदी, कोसी नदी, वीरनगर विसहरिया, बल्‍िदयाबाड़ी का युद्ध, सिंहेश्‍वर थान, कोसी अंचल की ऐतिहासिक धरोहरें।
कर्नल अजित दत्‍त का जन्‍म 18 जुलाई, 1948 ई. को कोसी अंचल के मधेपुरा जिलांतर्गत हनुमान नगर में हुआ। आपकी प्रारंभिक शिक्षा ली एकेडमी, फारबिसगंज में हुई, बाद में आपने पटना विश्‍वविद्यालय से भौतिकी में स्‍नातकोत्‍तर उपाधि प्राप्‍त की। आपने 1971 ई. में कमीशंड ऑफिसर के रूप में भारतीय सेना में अपने कार्यजीवन की शुरुआत की और बाद में पैराशूटिंग फोर्स के लिए चुन लिए गए, फिर एलीट स्‍ट्राइक फोर्स से जुड़े और लखनऊ के एडमिनिस्‍ट्रेटिव कंमांडेंट के रूप में कार्य किया। पर्वतारोहण आपका खास शौक रहा और भारत एवं विदेशों में आपने दो दर्जन से अधिक अभियानों में सफल भागीदारी की।
कर्नल दत्‍त की उपलब्‍धियों में भारत के राष्‍ट्रपित द्वारा सेना मेडल सम्‍मान (गैलेंट्री)-1992, चीफ ऑफ द आर्मी स्‍टाफ्स कमांडेशन कार्ड'1976 एवं 1996 तथा जनरल दौलत सिंह ट्रॉफी अवार्ड-1986 शामिल हैं। आप रॉयल ज्‍योग्राफिकल सोसायटी, लंदन के फेलो (1991) रहे और बार्सीलोना (स्‍पेन) एवं नेवादा (अमेरिका) में क्रमश: 1991 एवं 1992 में आयोजित इंटरनेशनल मीट ऑफ यू.आई.ए. माउंटेनियरिंग कमीशन में भारत का प्रतिनिधित्‍व किया। आपने हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्‍टीट्यूट, दार्जीलिंग (मई 1990-फरवरी 1995) तथा नेहरू इंस्‍टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग, उत्‍तरकाशी (मई 1997-नवंबर 2000) के प्रिंसिपल के रूप में भी कार्य किया। आप पश्‍चिम बंगाल सरकार के मानद वाइल्‍ड लाइफ वार्डन हैं। आपने पर्वतारोहण के उद्देश्‍य से स्‍विटजरलैंड, फ्रांस, जर्मनी, इंग्‍लैंड, नेपाल और भूटान देशों की यात्रा की है।
कर्नल अजित दत्‍त ने अंग्रेजी और हिन्‍दी में अनेक महत्‍वपूर्ण पुस्‍तकों की रचना की है। आपके आलेख प्रमुख पत्र-पत्रिकाओं में निरंतर प्रकाशित होते रहे हैं। आपकी अन्‍य प्रकाशित पुस्‍तकें हैं--अंग्रेजी में--कॉल ऑफ द वैली (Call of the valley, 1991), ब्रेव शेरपाज (Brave Sherpas, 1993), क्‍लाइंबिंग एडवेंचर इन अरुणाचल (Climbing adventure in Arunachal, 1994), फर्स्‍ट क्‍लाइंब ऑफ माउंट मुकुट ईस्‍ट (First climb of Mount Mukut East, 1999), फारबिसगंज जंक्‍शन (Forbeseganj Junction, 1998), दस स्‍पोक नचिकेता (Thus spoke Nachiketa, 2000) तथा हिन्‍दी में--नचिकेता उवाच (2000) एवं अभियान कथा (2005)।
उक्‍त पुस्‍तक प्राप्‍त करने के लिए निम्‍नांकित पते पर संपर्क किया जा सकता है :
संवदिया प्रकाशन, जयप्रकाश नगर, वार्ड नं. 7, अररिया, बिहार 854311,
ई-मेल : samvadiapatrika@yaoo.com

Thursday, July 15, 2010

शांति सुमन की गीत रचना और दृष्टि


हिन्‍दी एवं मैथिली की प्रतिष्ठित कवयित्री और गीतकार डॉ. शांति सुमन की समग्र रचनात्‍मकता पर केन्द्रित पुस्‍तक 'शांति सुमन की गीत-रचना और दृष्टि' के नाम से सुमन भारती प्रकाशन, जमशेदपुर द्वारा 2009 में किया गया है, जिसके संपादक हैं श्री दिनेश्‍वर प्रसाद सिंह 'दिनेश'। पुस्‍तक केन्‍द्र, वृत्‍त और परिधि शीर्षक तीन खंडों में विभाजित है। 'केन्‍द्र' शीर्षक खंड में शांति सुमन के जनवादी गीतों पर 13 आलोचकों के विचारों का समावेश है, जिनमें प्रमुख हैं--डॉ. शिवकुमार मिश्र, डॉ. विजेन्‍द्र नारायण सिंह, डॉ. मैनेजर पांडेय, डॉ. रविभूषण, श्री रामनिहाल गुंजन, डॉ. चंद्रभूषण तिवारी और श्री ओमप्रकाश ग्रेवाल। इस खंड में श्री कुमारेन्‍द्र पारसनाथ सिंह, श्री मदन कश्‍यप, श्री नचिकेता, श्री रमेश रंजक और श्री माहेश्‍वर की आलोचनात्‍मक टिप्‍पणियॉं भी शामिल हैं। इसी खंड में शांति सुमन के नवगीतों पर 12 आलोचनात्‍मक आलेख भी प्रकाशित हैं। ये आलेख श्री राजेन्‍द्र प्रसाद सिंह, श्री उमाकांत मालवीय, डॉ. रेवती रमण, डॉ. सुरेश गौतम, श्री सत्‍यनारायण, डॉ. विश्‍वनाथ प्रसाद, डॉ. वशिष्‍ठ अनूप, श्री ओम प्रभकर, श्री विश्‍वंभरनाथ उपाध्‍याय, श्री कुमार रवीन्‍द्र और डॉ. अरविन्‍द कुमार द्वारा प्रस्‍तुत किए गए है।
'वृत्‍त' शीर्षक खंड के अंतर्गत शांति सुमन के व्‍यक्तित्‍व एवं कृतित्‍व पर संपादक का एक लेख और लेखिका का आत्‍मकथ्‍य प्रकाशित किया गया है। 'परिधि' शीर्षक खंड के अंतर्गत शांति सुमन की गद्य-पद्य कृतियों पर समीक्षाऍं शामिल की गई हैं। पुस्‍तक के अंत में शांति सुमन के कुछ चुने हुए गीत प्रकाशित किए गए हैं।
15 सितंबर, 1944 को कोसी अंचल के एक गॉंव कासिमपुर (सहरसा) में जन्‍मी शांति सुमन ने अपनी किशोरावस्‍था से ही कविताऍं लिखना शुरू कर दिया था, जब वो आठवीं कक्षा में पढ़ती थीं। उनकी पहली गीत-रचना त्रिवेणीगंज, सुपौल से प्रकाशित होनेवाली पत्रिका 'रश्मि' (संपादक : तारानंद तरुण) में छपी थी। लंगट सिंह कॉलेज, मुजफ्फरपुर से हिन्‍दी में स्‍नातकोत्‍तर उपाधि प्राप्‍त शांति सुमन ने महंत दर्शनदास महिला कॉलेज में आजीविका पाई और 33 वर्षों तक प्राध्‍यापन के बाद वहीं से प्रोफेसर एवं हिन्‍दी विभागाध्‍यक्ष के पद से 2004 में सेवामुक्‍त हुईं। 'आधुनिक हिन्‍दी काव्‍य में मध्‍यवर्गीय चेतना' विषय पर पीएच. डी. उपाधि प्राप्‍त डॉ. शांति सुमन के हिन्‍दी में अब तक दस नवगीत संग्रह--'ओ प्रतीक्षित' (1970), 'पर‍छाईं टूटती' (1978), 'सुलगते पसीने' (1979), 'पसीने के रिश्‍ते' (1980), 'मौसम हुआ कबीर' (1985, 1999),'तप रहे कँचनार' (1997), 'भीतर-भीतर आग' (2002), 'पंख-पंख आसमान' (2004), 'एक सूर्य रोटी पर' (2006) एवं 'धूप रंगे दिन' (2007) , और 'मेघ इंद्रनील' (1991) नामक मैथिली गीत संग्रह प्रकाशित हैं। इनके अतिरिक्‍त उनका एक हिन्‍दी उपन्‍यास 'जल झुका हिरन' (1976) और शोधप्रबंध पर आधारित आलोचनात्‍मक पुस्‍तक 'मध्‍यवर्गीय चेतना और हिन्‍दी का आधुनिक काव्‍य' (1993) प्रकाशित हैं।
'सर्जना' (1963-64, तीन अंक प्रकाशित), 'अन्‍यथा' (1971) और 'बीज' नामक पत्रिकाओं के संपादन से संबद्ध रही शांति सुमन ने 1967 से 1990 के दौरान कवि सम्‍मेलनों एवं मंचों पर अपनी गीत-प्रस्‍तुति से अपार यश अर्जित किया। अपनी धारदार गीत सर्जना के लिए हिन्‍दी संसार मे विशिष्‍ट पहचान रखनेवाली डॉ. शांति सुमन को को विभिन्‍न पुरस्‍कार-सम्‍मानों से विभूषित किया गया है, जिनमें शामिल हैं--'भिक्षुक' (मुजफ्फरपुर का पत्र) द्वारा सम्‍मानपत्र, बिहार राष्‍ट्रभाषा परिषद का साहित्‍य सेवा सम्‍मान, हिन्‍दी साहित्‍य सम्‍मेलन (प्रयाग) का कविरत्‍न सम्‍मान, बिहार सरकार के राजभाषा विभाग का महादेवी वर्मा सम्‍मान, अवंतिका (दिल्‍ली) का विशिष्‍ट साहित्‍य सम्‍मान, मैथिली साहित्‍य परिषद का विद्यावाचस्‍पति सम्‍मान, हिन्‍दी प्रगति समिति का भारतेन्‍दु सम्‍मान एवं सुरंगमा सम्‍मान, विंध्‍य प्रदेश से साहित्‍य मणि सम्‍मान, हिन्‍दी साहित्‍य सम्‍मेलन का साहित्‍य भारती सम्‍मान (2005) तथा उत्‍तर प्रदेश हिन्‍दी संस्‍थान का सौहार्द सम्‍मान (2006)

Wednesday, January 13, 2010

डॉ. मधुकर गंगाधर : संदर्भ और साधना


हिन्‍दी के प्रतिष्ठित कथाकार डॉ. मधुकर गंगाधर के व्‍यक्तित्‍व और कृतित्‍व पर केन्द्रित एक पुस्‍तक डॉ. रमेश नीलकमल ने संपादित की है, जो 2009 में मुकुल प्रकाशन, नई दिल्‍ली से प्रकाशित हुई है। पुस्‍तक का नाम है : डॉ. मधुकर गंगाधर : संदर्भ और साधना। इस पुस्‍तक शामिल 45 आलेखों के माध्‍यम से मधुकर गंगाधर के व्‍यक्तित्‍व और कृतित्‍व के विभिन्‍न आयामों को सामने लाने और उनके रचनात्‍मक अवदान को मूल्‍यांकित करने का प्रयत्‍न किया गया है। पुस्‍तक में शामिल कुछ लेखकों के नाम हैं : कलक्‍टर सिंह केसरी, गोपी वल्‍लभ सहाय, गंगा प्रसाद विमल, राजेन्‍द्र अवस्‍थी, भगवतीशरण मिश्र, बलदेव वंशी, गोपेश्‍वर सिंह, श्‍याम सुंदर घोष, मधुकर सिंह, विजेन्‍द्र अनिल, देवशंकर नवीन, संजय कुमार सिंह, सुरेन्‍द्र प्रसाद जमुआर, नरेश पांडेय चकोर, कमला प्रसाद बेखबर, उदभ्रांत, रणविजय सिंह सत्‍यकेतु।
मधुकर गंगाधर का जन्‍म पूर्णिया जिले के झलारी गॉंव में 1933 ई. में हुआ था। वे उनतीस वर्ष तक ऑल इंडिया रेडियो की सेवा से जुड़े रहे। अनेक विधाओं में लेखन किया। उनकी प्रकाशित कृतियों में दस कहानी-संग्रह, आठ उपन्‍यास, चार कविता-संग्रह, तीन संस्‍मरण पुस्‍तकें, तीन नाठक और चार अन्‍य विधाओं की रचनाऍं शामिल हैं। उपन्‍यासों के नाम हैं-मोतियों वाले हाथ (1959), यही सच है (1963), फिर से कहो (1964), उत्‍तरकथा (1965), सुबह होने तक (1968), सातवीं बेटी (1976), गर्म पहलुओं वाला मकान (1981) तथा जयगाथा। कहानी-संग्रह हैं- नागरिकता के छिलके (1956), तीन रंग:तेरह चित्र (1958), हिरना की ऑंखें (1959), गर्म गोश्‍त:बर्फीली तासीर (1965), शेरछाप कुर्सी (1976), गॉंव कसबा नगर (1982), उठे हुए हाथ (1983), मछलियों की चीख (1983), सौ का नोट (1986) तथा बरगद (1988)।
मधुकर गंगाधर अपनी पहली कहानी 'घिरनीवाली' (योगी, साप्‍ताहिक, पटना) के साथ 1955 ई. में प्रकाश में आए, जो सर्विस लैट्रिन साफ करनेवाली एक खूबसूरत मेहतरानी के वैयक्तिक अंतर्विरोध पर लिखी गई थी। यह काल 'नई कहानी आंदोलन' के रूप में प्रतिष्ठित कहानियों की रचना का काल है, जिनके आधार पर सातवें दशक के पूर्वार्द्ध में 'नई कहानी' की प्रवृत्तियों को विश्‍लेषित, व्‍याख्‍यायित करके उसे एक कथाधारा के रूप में प्रतिष्ठित किया गया। उक्‍त कालखंड में लिखी डॉ. गंगाधर की कहानियॉं पहले 'तीन रंग : तेरह चित्र' (1958), हिरना की ऑंखें (1959) तथा 'गर्म गोश्‍त : बर्फीली तासीर (1959) कहानी-संग्रहों में प्रकाशित हुई थीं, जिन्‍हें एक साथ 'गॉंव कसबा नगर' कहानी-संग्रह में पढ़ते हुए 'नई कहानी' की नवीनता को विविध रूपों में देखा जा सकता है। डॉ. गंगाधर को मुख्‍यत: ग्रामीण परिवेश का रचनाकार ही माना जाता रहा है, परंतु इस संदर्भ में उनका अपना वक्‍तव्‍य यह है--''जब तक गॉंव में था, गॉंव की कहानियॉं लिखीं। शहर में रहकर यहॉं के जीवन, संघर्ष, मानसिकता से एकाकार होने पर पर शहर की कहानियॉं लिखता रहा हूँ। वस्‍तुत: मैं तो आदमी के संघर्ष और उसकी विजय की खोज में रहा हूँ-वह गॉंव का परिवेश हो, शहर का परिवेश हो या कस्‍बे का परिवेश।''
वास्‍तव में डॉ. मधुकर गंगाधर एक निरंतर रचनाशील व्‍यक्तित्‍व का नाम है, जिसने न केवल कहानी, वरन उपन्‍यास, नाटक, कविता, रेडियो रूपक, आलोचना आदि विधाओं में भी अपनी सशक्‍त कलम चलाई है तथा अपनी रचनात्‍मकता को श्रेष्‍ठता की कसौटी पर कसे जाने के लिए उसे मौलिक, नवीन और विशिष्‍ट स्‍वरूप में सर्वदा प्रस्‍तुत किया है। यही कारण है कि उनकी रचनाऍं प्रकाशित होने के साथ ही चर्चा का विषय रही हैं तथा बावजूद इसके कि वे अपने को किसी कथाधारा से संबद्ध नहीं मानते, उनकी रचनाऍं तत्‍कालीन समय की कथा-प्रवृत्तियों आंचलिक कहानी, नई कहानी, ग्राम कहानी, सचेतन कहानी, समांतर कहानी आदि के अंतर्गत परिगणित तथा समालोचित की जाती रही हैं।

Sunday, January 3, 2010

सुरेन्‍द्र स्निग्‍ध का उपन्‍यास 'छाड़न'



2009 में प्रतिष्ठित हिन्‍दी कवि और आलोचक डॉ. सुरेन्‍द्र स्निग्‍ध द्वारा लिखित उपन्‍यास 'छाड़न'(प्रथम संस्‍करण : 2005) का तीसरा संस्‍करण किताब महल, इलाहाबाद द्वारा प्रकाशित किया गया है। संप्रति पटना विश्‍वविद्यालय के स्‍नातकोत्‍तर हिन्‍दी विभाग में प्रोफेसर डॉ. स्निग्‍ध का जन्‍म पूर्णिया जिले के सिंघियान नामक गॉंव में 1952 ई. में हुआ था। वे 'गॉंव घर', 'भारती', 'नई संस्‍कृति' नामक पत्रिकाओं के संपादन से जुड़े रहे और 'प्रगतिशील समाज' के कहानी विशेषांक और 'उन्‍नयन' के बिहार-कवितांक का संपादन किया। स्निग्‍ध जी की तीन कविता पुस्‍तकें-'पके धान की गंध', 'कई कई यात्राऍं' और'अग्नि की इस लपट से कैसे बचाऊँ कोमल कविता' प्रकाशित हैं। उनकी प्रकाशित आलोचना कृतियॉं हैं-'सबद सबद बहु अंतरा' तथा 'नई कविता की नई जमीन'।
'छाड़न' में कोसी नदी की छाड़न धाराओं के साथ स्थित गॉंवों की कथा कही गई है। इसके कथानक में अनेक कथाऍं अनुस्‍यूत हैं। ये कथाऍं भी प्रकारांतर से समय-समाज की छाड़न कथाऍं ही हैं। इन कथाओं के कोलाज में जो अंतर्धारा आरंभ से अंत तक प्रवाहित है, वह है कोसी अंचल में सामाजिक, सांस्‍कृतिक, राज‍नीतिक प्रभावान्विति की अंतर्धारा। उपन्‍यास में 1925 ई. में गॉंधी द्वारा कोसी अंचल की यात्रा से आरंभ कर 1975 ई. तक के चित्र प्रस्‍तुत किए गए हैं। अंतिम कुछ चित्रों में बीसवीं सदी के अंतिम दशक की परिस्थितियों को सं‍केतित करने का प्रयत्‍न किया गया है। प्रतिष्ठित हिन्‍दी कवि-आलोचक श्री अरुण कमल ने लेखक को अपने एक पत्र में उपन्‍यास पर प्रतिक्रिया व्‍यक्‍त करते हुए लिखा है-'रेणु ने जहॉं 'मैला ऑंचल' को छोड़ा था, वहॉं से आपने आरंभ किया है...यह उपन्‍यास के क्षेत्र में एक नया प्रयोग है।...रिपोर्ताज, कथन, कविता, कथानक, चरित्र, राजनीति-सब मिलकर इसे एक विशिष्‍ट कलेवर प्रदान करते हैं। 'छाड़न' यानी नया सिक्‍का ढल रहा है।'
उपन्‍यास के आरंभ में महात्‍मा गॉंधी द्वारा पूर्णिया के 1925 और 1927 के तूफानी दौरे को रेखांकित किया गया है। उस समय जनता दोहरी, तिहरी गुलामी की चक्‍की में पिस रही थी। अंग्रेजों की गुलामी से मुक्ति के लिए हिंसक-अहिंसक आंदोलनों का जो परिदृश्‍य था, उसके चित्रण के साथ-साथ लेखक ने जमींदारों के शोषण की चक्‍की में पिसती जनता की कथा भी सूक्ष्‍मता के साथ प्रस्‍तुत की है। अंग्रेजों और जमींदारों के खिलाफ छापामार लड़ाई लड़नेवाले गरीबों के मसीहा नछत्‍तर मालाकार की लड़ाई पचास वर्षों बाद पूरे इलाके में नक्‍सलवादी आंदोलन में परिणत हो गई और वर्तमान राजनीति किस प्रकार विचारधारा-विहीन होकर जाति, संप्रदाय, आतंक के भेंट चढ़ गई--इसकी कथा संकेतों में ही सही, लेकिन गंभीरता से उपन्‍यास में बयां होती है।
उपन्‍यास के बारे में स्‍वयं लेखक का कहना है कि यह उपन्‍यास पूरी तरह से वैचारिक आधार पर लिखा गया है, जो कोसी क्षेत्र के जनसंघर्ष और वहॉं के राजनीतिक और सांस्‍कृतिक विकास का एक छोटा-सा संकेत है, इस पूरे क्षेत्र का लोकजीवन, पर्यावरण, संघर्ष और जिजीविषा की पड़ताल इस उपन्‍यास में की गई है।

Monday, December 28, 2009

'संवदिया' का कोसी केन्द्रित नवलेखन विशेषांक


संवदिया प्रकाशन, अररिया, बिहार द्वारा कोसी अंचल के वरिष्‍ठ कवि, कथाकार श्री भोला पंडित 'प्रणयी' के प्रधान संपादन में 'संवदिया' नामक त्रैमासिक साहित्यिक पत्रिका का प्रकाशन पिछले पॉंच सालों से हो रहा है। आरंभ से ही पत्रिका के हर अंक में कोसी अंचल के किसी महत्‍वपूर्ण दिवंगत लेखक का परिचय, फोटो और उसके कृतित्‍व का आकलन करनेवाले लेख छापे जाने की परंपरा का निर्वाह इस पत्रिका ने निरंतर किया है।
'संवदिया' का अक्‍तूबर-दिसंबर 2009 का अंक कोसी के‍न्द्रित नवलेखन अंक है। इस अंक के साथ ही पत्रिका ने अपने छठे वर्ष में प्रवेश किया है। यह विशेषांक साहित्‍य अकादेमी में कार्यरत कोसी अंचल के युवा कवि-आलोचक देवेन्‍द्र कुमार देवेश के अतिथि संपादन में प्रकाशित हुआ है। अपने संपादकीय में उन्‍होंने लिखा है-इस अंक को केवल पिछले कुछेक सालों में कलम पकड़कर उत्‍साहपूर्वक लेखन की ओर प्रवृत्‍त होनेवाले नवातुर नवतुरिया लेखकों पर ही न केन्द्रित करके बीसवीं सदी के अंतिम दशक में हिन्‍दी साहित्‍य के समकालीन परिदृश्‍य पर कुछ हद तक अपनी पहचान बना चुकी कोसी अंचल की नई पीढ़ी पर केन्द्रित किया गया है। साथ ही इसमें इसमें इक्‍कीसवीं सदी के प्रथम दशक में लेखन की दुनिया में कदम रखनेवाली पीढ़ी को भी स्‍थान दिया गया है।
संपादकीय में कोसी अंचल की साहित्‍य परंपरा का संक्षिप्‍त अवगाहन प्रस्‍तुत करते हुए इसे सिद्ध कवि सरहपा, रीति कवि जयगोविन्‍द महाराज, सूफी कवि शेख किफायत, भक्‍त कवि लक्ष्‍मीनाथ परमहंस और संत कवि मेंहीं की भूमि बताया गया है, जिसे अनूपलाल मंडल, जनार्दन प्रसाद झा द्विज, फणीश्‍वरनाथ रेणु, राजकमल चौधरी और लक्ष्‍मीनारायण सुधांशु जैसे हिन्‍दी लेखकों ने भी अपनी ख्‍याति से प्रकाशित किया।
इस अंक में पंद्रह कवियों की कविताऍं, पॉंच कथाकारों की क‍हानियॉं और पुस्‍तक समीक्षाऍं प्रकाशित की गई हैं। कवियों के नाम हैं-अरविन्‍द श्रीवास्‍तव, कल्‍लोल चक्रवर्ती, श्‍याम चैतन्‍य, कृष्‍णमोहन झा, उल्‍लास मुखर्जी, राजर्षि अरुण, शुभेश कर्ण, राकेश रोहित, हरे राम सिंह, देवेन्‍द्र कुमार देवेश, पंकज चौधरी, स्मिता झा, अनुप्रिया, अरुणाभ सौरभ और कुमार सौरभ। कविताओं पर हिन्‍दी के प्रतिष्ठित कवि-आलोचकों डॉ. विश्‍वनाथ प्रसाद तिवारी और डॉ. सुरेन्‍द्र स्निग्‍ध की टिप्‍पणियॉं प्रकाशित की गई हैं।
अंक में संजीव ठाकुर, संजय कुमार सिंह, रणविजय सिंह सत्‍यकेतु, श्रीधर करुणानिधि और उमाशंकर सिंह की क‍हानियॉं हैं, जिनपर डॉ. ज्‍योतिष जोशी और डॉ. देवशंकर नवीन की टिप्‍पणियॉं छापी गई हैं। यह अंक ओमप्रकाश भारती के आलेख और देवांशु वत्‍स की लघुकथाओं से भी सुसज्जित है।
'संवदिया' का आगामी अंक भी नवलेखन विशेषांक के रूप में निकालने की घोषणा की गई है, जिसमें शामिल होनेवाले 15 कवियों, 5 कथाकारों के नामों की घोषणा भी इस अंक में की गई है। संवदिया के इस अंक का मूल्‍य 30 रुपये है, जबकि इसकी वार्षिक सदस्‍यता 80 रुपये मात्र है। पत्रिका की प्रति अथवा सदस्‍यता के लिए निम्‍नांकित पते संपर्क किया जा सकता है- श्री भोला पंडित प्रणयी, संवदिया प्रकाशन, जयप्रकाश नगर, वार्ड नं. 7, अररिया, बिहार 854311,
मोबाइल नं.9931223187, ई-मेल : samvadiapatrika@yahoo.com

Monday, December 21, 2009

चंद्रकिशोर जायसवाल का उपन्‍यास 'सात फेरे'



अभी हाल ही में भारतीय ज्ञानपीठ द्वारा हिन्‍दी के प्रतिष्ठित कथाकार चंद्रकिशोर जायसवाल का नवीनतम उपन्‍यास 'सात फेरे' प्रकाशित किया गया है। ज्ञातव्‍य हो कि ज्ञानपीठ द्वारा वर्ष 2009 को 'उपन्‍यास वर्ष' घोषित किया गया है। इस वर्ष ज्ञानपीठ द्वारा प्रकाशित उपन्‍यासों में उक्‍त उपन्‍यास आकार में सबसे बड़ा है।
कोसी अंचल के मधेपुरा जिलांतर्गत बिहारीगंज नामक गॉंव में 1940 ई. में जन्‍में चंद्रकिशोर जायसवाल हिन्‍दी के उन गिने-चुने कथाकारों में हैं, जिनके पास कम-से-कम एक दर्जन ऐसी कहानियॉं हैं, जिन्‍हें सदी की श्रेष्‍ठ कहानियों की सूची में बेहिचक रखा जा सकता है। 'नकबेसर कागा ले भागा', 'दुखियादास कबीर', 'बिशनपुर प्रेतस्‍य', 'हिंगवा घाट में पानी रे', 'मर गया दीपनाथ', ' 'सिपाही', 'कालभंजक', 'आखिरी ईंट', 'तर्पण', 'आघातपुष्‍प' और जैसी अप्रतिम कहानियॉं लिखनेवाले चंद्रकिशोर जायसवाल का यह आठवॉं उपन्‍यास है। उनके पूर्व प्रकाशित उपन्‍यासों के नाम हैं-'गवाह गैरहाजिर', 'जीबछ का बेटा बुद्ध', 'शीर्षक', 'चिरंजीव', 'दाह', 'मॉं' और 'पलटनिया'। जायसवाल जी के नौ कहानी-संग्रह, चार एकांकी पुस्तिकाऍं और दो नाटक भी प्रकाशित हैं।
रामवृक्ष बेनीपुरी सम्‍मान, बनारसी प्रसाद भोजपुरी सम्‍मान, आनंद सागर कथाक्रम सम्‍मान और बिहार राष्‍ट्रभाषा परिषद के साहित्‍य साधना सम्‍मान से सम्‍मानित जायसवाल जी के प्रथम प्रकाशित उपन्‍यास 'गवाह गैरहाजिर' पर राष्‍ट्रीय फिल्‍म विकास निगम द्वारा 'रुई का बोझ' शीर्षक फिल्‍म का निर्माण भी किया जा चुका है। दूरदर्शन द्वारा उनकी कहानी 'हिंगवा घाट में पानी रे' का फिल्‍मांकन और प्रसारण भी हुआ है।
'सात फेरे' एक तिहेजू वर बैजनाथ की कहानी है, जिसकी तीन बीवियॉं मर चुकी हैं; और वह चौथी बीवी की तलाश में निकला है। इस तलाश में उसका साथी है पलटू झा नामक पंडित। दोनों कन्‍याखोजी अभियान में सात बार अलग-अलग दिशाओं में यात्रा पर निकलते हैं और अंतिम यात्रा के पहले हर यात्रा में अपनी दुर्दशा करवाकर लौटते हैं। एक अधेड़ व्‍यक्ति के सात फेरों के लिए लगाए गए सात रोचक और रोमांचक फेरों की ही कथा है यह 'सात फेरे'। जायसवाल जी ने अपनी चिर-परिचित शैली में विभिन्‍न यादगार चरित्रों के माध्‍यम से व्‍यक्ति, परिवार, समाज और देश काल के यथार्थ का व्‍यंग्‍य-विनोदपूर्ण चित्रण किया है। यद्यपि उपन्‍यास वृहदाकार है, लेकिन एक बार पढ़ना शुरू करने के बाद इसे बीच में ही छोड़ पाना किसी भी पाठक के लिए मुश्किल है।
उपन्‍यास में कोसी अंचल के लोकजीवन, लोकसंस्‍कृति और लोकसाहित्‍य के अनेक लिखित-अलिखित विवरणों को कुशलता से पिरोया गया है और समकालीन समय के ग्रामांचलीय यथार्थ को सूक्ष्‍मता से उद्घाटित किया गया है।